Thursday, August 18, 2011

अन्ना हजारे

अन्ना हजारे
--------------
       १
शांति दूत है,ये सपूत है,भारत माँ का बेटा अन्ना
राज घाट पर,हरी घांस पर,देव दूत सा बैठा अन्ना
            इतना साथ दिया जनता ने
            घुटने टेक दिए सत्ता  ने
भ्रष्टाचार मिटाने को अब,सत्याग्रह पर बैठा अन्ना
           2
अग्नि में इतनी शीतलता,पहले कभी नहीं देखी थी
एक चेतन में इतनी दृढ़ता,पहले  कभी नहीं देखी थी
उजले कपडे वालों की,कितनी काली करतूतें देखी,
श्वेत वसन में ये निर्मलता,पहले कभी नहीं देखी थी
मौन,शांत,गंभीर,अडिग और जो हरदम रहता चोकन्ना
है व्यक्तित्व करिश्माई जो, हम उसको कहते है अन्ना

मदन मोहन बहेती'घोटू'

Wednesday, August 17, 2011

टुकड़े टुकड़े जीवन

टुकड़े टुकड़े जीवन
--------------------
बंटा हुआ है ये जीवन टुकड़ों टुकड़ों में
हमें नींद भी आती है टुकड़ों टुकड़ों में
कुछ टुकड़े झपकी के ,कुछ टुकड़े खर्राटे
और कुछ टुकड़े,करवट बदल बदल कर काटे
कुछ टुकड़े खुशियों के, कुछ टुकड़े है गम के
कुछ टुकड़े बचपन के, कुछ टुकड़े यौवन के
प्यार हमारा बंटा हुआ है टुकड़े टुकड़े
कुछ बच्चों को,जीवनसाथी को कुछ टुकड़े
अगर बचा,माँ बाप जरा सा टुकड़ा पाते
हालांकि वो बच्चों पर जी जान लुटाते
देते डाल सिर्फ रोटी के बस दो टुकड़े
दिल के टुकड़े,कर देते है  दिल के  टुकड़े
यूं ही बुढ़ापा कटता है टुकड़ों टुकड़ों में
आंसू बन, बहते दुखड़े,टुकड़ों टुकड़ों में

मदन मोहन बाहेती 'घोटू'

विद्रोह के स्वर

विद्रोह के स्वर
----------------
स्वर विद्रोह के अब,उभरने लगे है
जरा सी हो आहट, वो डरने लगे है 
करे कोई इनकी,जरा भी खिलाफत,
शिकंजा उसी पर, ये कसने लगे है
तारीफ़ में खुद की ,गाते कसीदे,
बुराई सुनी तो,भड़कने लगे है
 करे कोई अनशन या सत्याग्रही हो,
डंडे उसी पर बरसने  लगे है
हुई बुद्धि विपरीत,विनाश काले,
खुद ही जाल में अपने फंसने लगे है
किये झूंठे वादे और सपने दिखाए,
हकीकत ये 'वोटर',समझने लगे है

मदन मोहन बाहेती 'घोटू'

डुगडुगी राजा

डुगडुगी  राजा
-------------
जब से लोगों ने दिखाए थे काले झंडे
तब से कुछ दिन तक पड़े थे ये ठन्डे
पर टी वी पर आने की लालसा इतनी प्रबल है
करने लग गए फिर से बातें अनर्गल  है
जब भी कोई विद्रोह का स्वर उठाता है
तो इनका कुनबा ,उसकी चार पुश्तों की,
जन्मपत्री खंगालने में जुट जाता है
काजल के टीके को भी,काला दाग  कह कर के,
डुगडुगी बजायेंगे
अपने गिरेबान में तो ,झाँक कर के तो देखे,
खुद को पूरा काला पायेगे
वोह तो गनीमत है की आजकल,
हाय कमांड ने लगा दिया प्रतिबन्ध है
और इनकी जुबान बंद है
वर्ना ये फिर बकवास करते कुछ ऐसे
'अन्ना के नाम में ही अन्न है,
फिर वो भूख हड़ताल पर कैसे '?

मदन मोहन बाहेती 'घोटू'



Tuesday, August 16, 2011

बूढा होता प्रजातंत्र

बूढा होता प्रजातंत्र
----------------------
चौसठ साल का प्रजातंत्र
और साठ का  जनतंत्र
दोनों की ही उमर सठिया गयी है
और सहारे के लिए,हाथों में,लाठियां आ गयी है
मगर कुछ नेताओं ने,
सत्ता को बना लिया अपनी बपौती है
इसलिए लाठी,जो सहारे के लिए होती है
उसका उपयोग,हथियारों की तरह करवाने लगे है
और विरोधियों पर लाठियां भंजवाने लगे है
विद्रोह की आहट से भी इतना डरते है
की रात के दो बजे,सोती हुई महिलाओं पर,
लाठियां चलवाने लगते है
भ्रष्टाचार में आकंठ डूबे है
कुर्सी पर ही चिपक कर ,रहने के मंसूबें है
पर बूढ़े है,इसलिए आँखे कमजोर हो गयी लगती है
इसलिए विद्रोह की आग भी नहीं दिखती है
सत्ता के मद में पगलाये हुए है
शतुरमुर्ग की तरह,रेत में मुंह छुपाये हुए है
जनता की लाठी जब चलेगी
तो वो इनको उखाड़ फेंकेगी
फिर भी ये लाठियां चला रहे है
सत्ता न छिन जाये,घबरा रहें है
जनता त्रस्त है
पर अच्छे दिनों की आशा में आश्वस्त है
आज पंद्रह अगस्त है
  
मदन मोहन बाहेती 'घोटू'
 

हम हजारे के समर्थक

हम हजारे के समर्थक
--------------------------
हम हजारे के समर्थक,और हम जैसे हजारों
छेड़ होगा आसमां में,  एक पत्थर तो उछालो
         हुई मद में चूर सत्ता
         चला सत्याग्रही जत्था
ना रुकेंगे,ना झुकेंगे,भले लाठी हमें मारो
हम हजारे के समर्थक,और हम जैसे हजारों
          भले लगते अल्प है हम
           मगर दृढ़ संकल्प है हम
सरफरोशी की तमन्ना,जेल बार देंगे  हजारों
हम हजारे के समर्थक,और हम जैसे हजारों
           और अब विद्रोह के स्वर
           हो रहे है मुखर,प्रतिपल
दमन के दम पर न ये,सैलाब थम पायेगा यारों
हम हजारे के समर्थक,और हम जैसे हजारों

मदन मोहन बाहेती 'घोटू'

Monday, August 15, 2011

कौन हो तुम ?

     कौन हो तुम
    --------------
देख तुमको मै चमत्कृत
हुए दिल के तार झंकृत
रूप सुन्दर परी सा धर
आई अम्बर से उतर कर
चन्द्र सा मुख,तुम सजीली
तुम्हारी चितवन नशीली
भंगिमाएं मन लुभाती
तुम सुरा सी मदमदाती
मोहिनी , सुन्दर बड़ी हो
स्वर्ण की जैसे छड़ी हो
देख कर सौन्दर्य प्यारा
हुआ पागल मन हमारा
रूप का तुम हो खजाना
ह्रदय चाहे तुम्हे पाना
खोल कर सब द्वार मन के
तुम्हारे संग मधुमिलन के
स्वप्न प्यारे ,सजाता ,मै
क्योंकि लगता विधाता ने,
तुम्हे फुर्सत से गढा है
निखर कर यौवन चढ़ा है
और ना अब तुम सताओ
कौन हो तुम,अब बताओ ?

मदन मोहन बाहेती'घोटू'