Monday, August 19, 2013

घन बरसे

               घन बरसे

घन बरसे पर मन ना हरषा
पिया मिलन को रह रह तरसा
घिर घिर बादल रहे घुमड़ते ,
पर मन था सूने  अम्बर सा
    भीगे वृक्ष ,लता सब भीगी
    होकर तृप्त ,धरा सब भीगी
    लेकिन अविरल रही बरसती ,
     मेरी आँखे ,भीगी,भीगी
भीगी मेरी चूनर सारी ,
नीर नयन से इतना बरसा
घन बरसे पर मन ना हरषा
        सावन आया ,बादल आये
        वादा किया ,पिया ना आये
        जितना ज्यादा बरसा पानी,
        उतने  ज्यादा वो याद  आये
बादल गरजे ,बिजली कडकी ,
मन में लगा रहा एक  डर सा
घन बरसे पर मन ना  हरषा

मदन मोहन बाहेती'घोटू' 

No comments:

Post a Comment