Sunday, September 26, 2021

क्यों

 जिसमें होती अक्ल जरा कम ,
 उसे कम अक्ल कहते हैं सब,
  तो क्यों मंद अक्ल वाले को 
  कहते अकलमंद और ज्ञानी 
  
  कलम रखो वह कलमदान है,
   फूल रखो वह फूल दान है ,
   पास फटकने ना दे मच्छर 
   क्यों कहलाती मच्छरदानी 
   
   जिसका चेहरा भाव शून्य हो 
   लगती हो पत्थर की मूरत 
   आती जिसको कभी हंसी ना,
    मगर हसीना वह कहलाती 
    
    जोर नहीं कमजोर ठीक है, 
    होती जिसमें कोई कमी ना ,
    मगर कमीना कहलाता है
    बात समझ में यह ना आती

घोटू
प्रतिबंधित जीवन 

प्रतिबंधों के परिवेश में ,जीवन जीना बहुत कठिन है 
बात बात में ,मजबूरी  के ,आंसूं पीना  बहुत कठिन है 

रोज रोज पत्नीजी हमको ,देती रहती  सीख नयी है
इतना ज्यादा ,कंट्रोल भी ,पति पर रखना ठीक नहीं है 
आसपास सुंदरता बिखरी ,अगर झांक लूं ,क्या बिगड़ेगा 
नज़र मिलाऊँ ,नहीं किसी से ,मगर ताक लूं ,क्या बिगड़ेगा 
पकती बिरयानी पड़ोस में ,खा न सकूं ,खुशबू तो ले लूं 
सुन सकता क्या नहीं कमेंट्री ,खुद क्रिकेट मैच ना खेलूं 
चमक रहा ,चंदा पूनम का ,कर दूँ उसकी अगर प्रशंसा 
क्या इससे जाहिर होता है ,बिगड़ गयी है मेरी मंशा
खिले पुष्प ,खुशबू भी ना लूं ,बोलो ये कैसे मुमकिन है 
प्रतिबंधों के परिवेश में ,घुट घुट जीना बहुत कठिन है 

शायद तुमको डर तुम्हारे ,चंगुल से मैं निकल जाऊँगा 
यदि ज्यादा कंट्रोल ना रखा  ,मैं हाथों से फिसल जाऊँगा 
मुझे पता ,इस बढ़ी उमर में ,एक तुम्ही पालोगी मुझको 
कोई नहीं जरा पूछेगा ,तुम्ही  घास डालोगी मुझको
खुले खेत में जा चरने की ,अगर इजाजत भी दे दोगी 
मुझमे हिम्मत ना चरने की ,कई रोग का ,मैं हूँ रोगी
तरह तरह के पकवानो की ,महक भले ही ललचायेगी 
मुझे पता ,मेरी थाली में ,घर की रोटी दाल आएगी
मांग रहा आजादी पंछी ,बंद पींजरे से  लेकिन है   
प्रतिबंधों के परिवेश में ,घुट घुट जीना बहुत कठिन है 

मदन मोहन बाहेती 'घोटू ;
घर 

केवल ईंट और गारे का, ढांचा ना घर होता है 
घर वो जिसमें घर वालों में प्रेम परस्पर होता है 

वह घर असली घर जिसमें सब मिलजुल कर साथ रहे 
जहां प्रेम और सद्भावों की, गंगा जमुना सदा रहे

घर वो जिसमें मेल जोल हो ,भाईचारा भरा रहे 
जिसमें हरदम चहल-पहल हो, जो खुशियों से हरा रहे

सुख की हो बरसात जहां पर ,समृद्धि के फूल खिले 
जहां अतिथि का स्वागत हो, बांह  पसारे सभी मिले

 सहनशीलता लोगों में हो, साथ निभाना सब जाने
करें सलाह ,मार्गदर्शन ले ,बात बड़ों की सब माने

 घर वह जिसमें देव विराजे, भक्ति भाव हो पूजन हो जहां बुजुर्गों की सेवा हो ,आदर हो और वंदन हो 
 
 जहां पिरंडे की पूजा हो, अग्नि जहां जिमाते हो 
 गौ माता को अर्पित पहली रोटी यहां पकाते हो 
 
 राम लखन जैसे भाई हो, बहू रहे सीता जैसी 
 सास बहू को बेटी  माने, सब में प्रीत रहे ऐसी 
 
 अच्छे संस्कार से शिक्षित ,हर बच्चे का बचपन हो 
 इर्षा बैर ना हो आपस में, सब में बस अपनापन हो
 
 ननंद भोजाई ,देरानी और जेठानी में प्यार रहे 
 दादी बच्चों को बैठा कर, नई कहानी रोज कहे 
 
 वह घर,घर संतोष जहां पर नहीं कोई स्पर्धा हो 
 एक दूसरे की इज्जत, घर का हर प्राणी करता हो 
 
 हो हर रात दिवाली जैसी ,सब दिन हो उल्लास भरे   वह घर,घर ना स्वर्ग तुल्य है , वहां देवता वास करें

मदन मोहन बाहेती घोटू