Saturday, September 1, 2018

क्यों इतना कठिन बुढ़ापा है 

उगता सूरज सुन्दर होता ,बचपन भी होता है सुन्दर 
है दोपहरी में सूर्य प्रखर ,यौवन भी होता है मनहर 
होती मनमोहक स्वर्णकिरण ,जब सूरज ढलने को आता 
तो फिर क्यों ढलती हुई उमर ,होती  दुखकर इतनी ज्यादा 
सूरज ढलता ,आती रजनी ,छा जाता नभ में अँधकार 
वृद्धावस्था के बाद मृत्यु ,यह क्रम चलता है बार बार 
सूरज चलता ,बादल ढकते  ,व्यवधान हमेशा आता है 
लेकिन मानव के जीवन में ,क्यों इतना कठिन बुढ़ापा है 

घोटू 
देखो मुझको डाटा न करो 

देखो मुझको डाटा न करो ,चिल्ला इस तरह उच्च स्वर में 
वरना हम तुम की नोकझोंक ,के किस्से होंगे घर घर में 

ऑफिस में  करते कद्र सभी ,
            तुम मुझे समझती हो बेढब 
पर बात और बिन बात मुझे ,
           तुम डाटा करती हो जब तब 
होंगे डिस्टर्ब पडोसी सब , 
                गाली दे देकर  कोसेंगें 
क्या असर पड़ेगा बच्चों पर ,
                 मम्मी पापा क्या सोचेंगे 
पर तुम्हे कोई परवाह नहीं ,
                 थोड़ा धीरज ना धर पाती 
मन माफिक जो कुछ नहीं हुआ ,
                 बस डंडा लेकर चढ़ जाती 
तुम सीखो धीरज धरना भी 
ऊपरवाले से डरना भी 
इस रोज रोज के झगड़े से ,हो गया तंग हूँ डियर  मैं 
देखो मुझको डाटा न करो ,चिल्ला इस तरह उच्च स्वर में 

है ये भी बात नहीं कि है
                  बोली में तुम्हारे तीखापन 
है बहुत मधुर स्वर तुम्हारा ,
                  पढ़ती जब गीता ,रामायण 
वह मधुर तुम्हारी बोली थी ,
                   जिसने मोहा था मेरा मन 
अब भी बच्चों और महरी से 
                तुम मीठी बात करो हरदम 
फुसफुसा बात करती मुझसे ,
               तुम हंसकर ,बहुत मधुर स्वर में 
जब मूड प्यार का होता है ,
                 हम तुम होते है बिस्तर में 
वो मीठे स्वर मुंह पर लाओ 
इस तरह डाट मत चिल्लाओ 
पुचकार कहो,सब काम करू,बन कर तुम्हारा नौकर मैं 
देखो मुझको डाटा न करो , चिल्ला इस तरह उच्च स्वर में 

मदन मोहन बाहेती 'घोटू ' 
 
हस्बेण्डों का क्या होगा ?


जो अगर बीबियां चली जाय स्ट्राइक पर ,
             तो क्या होगा इन बेचारे  हस्बेंडों का  
जो बात बात में उन पर हुकुम चलाते है ,
           क्या होगा उन आलस डूबे मुस्टंडों का
 
ना सुबह मिलेगी चाय,नाश्ता गरम नहीं ,
         ना चड्डी ना बनियान ,तौलिया ना सूखा 
ना कपड़े प्रेस किये ऑफिस को जाने को ,
       ना टिफिन मिलेगा पैक ,पड़े रहना भूखा 
 ना तो मुस्कराती 'बाय बाय' ऑफिस जाते ,
      ना कोई वेलकम मिले तुम्हे जब घर आओ 
मुंह फुला तुम्हारी प्रिया तुम्हे देखे भी ना ,
         तो फिर तुम पर कैसी गुजरेगी ,बतलाओ 
सॉरी सॉरी कह कर उनसे मांगो माफ़ी 
                होता आया है बेड़ा गर्क घमंडों का 
जो अगर बीबियां चली जाय स्ट्राइक पर ,
              तो क्या होगा इन बेचारे हस्बेंडों का 

दिन किसी तरह भी जैसे तैसे गुजरेगा ,
           पर मुश्किल होगी बहुत ,रात जब आएगी 
बीबी पलंग पर खर्राटे भर सोयेगी,
            और तकिया दे, सोफे पर तुम्हे सुलायेगी 
ना बात सुनेगी ,ना तुमसे कुछ बोलेगी 
               उसकी यह चुप्पी दिल तुम्हारा तोड़ेगी 
ना आने देगी पास न छूने ही देगी ,
               तुमसे वह घुटने झुकवा कर ही छोड़ेगी 
उसकी हर बात ख़ुशी से मानोगे हरदम ,
                 ना कोई तोड़ है बीबी के हथकंडों  का 
जो अगर बीबियां चली जाय स्ट्राइक पर ,
                    तो क्या होगा इन बेचारे हस्बेंडों का 

मदन मोहन बाहेती 'घोटू '