Wednesday, December 4, 2013

गोरों की कदर

   गोरों की कदर

देखो जिधर ,उधर दुनिया में,श्वेत रंग की बहुत कदर  है
गौर करोगे तो पाओगे  ,गोरेपन में  बहुत असर   है
 सूरज श्वेत ,श्वेत है चन्दा ,करते जो दुनिया को रोशन
चन्दा का टुकड़ा कहलाता है गौरी का गोरा  आनन
दूध,दही,घी और शर्करा ,होता सबका श्वेत रंग है
सदा चढ़ाये जाते प्रभु को,पंचामृत के चार अंग है
पूजन हो या हवन सभी में ,आता काम,श्वेत है चांवल
मस्तक पर रोली के टीके में भी शोभा पाता  चांवल
चांवल जैसी कदर न पाता ,गेंहू भी तो है अक्षत अन्न 
 दीपक तले बिछाया जाता, उसको जब होता है पूजन 
गोरों का ही राज चल रहा ,छाये गोरे  दुनिया भर है
देखो जिधर उधर दुनिया में ,श्वेत रंग की बहुत कदर है

मदन मोहन बाहेती'घोटू'

दलिया बना दिया

        दलिया बना दिया

मै गेहुआं सा ,गेंहूं के दाने की तरह था,
                 तुम चांवलों  सी गौरवर्णी और छरहरी
देखा जो तुमको ,मुझको ,तुमसे प्यार हो गया ,
                  ऐसा लगा कि मिल गई है सपनो की परी
तुम तो उमर के साथ ,उबल कर बड़ी हुई ,
                  आया निखार ऐसा कि रंगत बदल गयी
खुशबू  से भरा,नर्म प्यारा , जिस्म जब खिला ,
                   मुझको लगा कि मेरी तो किस्मत बदल गयी
कह कह के निठल्ला और पीछे पड़ के रात दिन,
                    तुमने बदल के मेरा क्या हुलिया बना दिया
पुचकार कर के प्यार से पीसा है इस तरह ,
                    आटा बना दिया कभी  दलिया  बना दिया

मदन मोहन बाहेती 'घोटू'            

घोटू का ओपिनियन पोल

      घोटू का ओपिनियन पोल

 

                देहली

अरविन्द आपका है ,कमल हर्ष बढ़ाता ,

                 शीला पुरानी हो गयी पर शीलवान है

लुटियन की इस दिल्ली को तो लूटा है कई ने ,

                  अब देखो किसके हाथ में आती कमान है

आया जो अगर फैसला,जनता का लटकता ,

                   अरविन्द तो कमल है,कमल साथ रहेगा ,

क्या होगी जोड़ तोड़ सियासत के खेल में,

                    ये सोच सोच करके ,जनता परेशान है

 

              अन्य राज्य

एम पी में महाकाल है और ओंकार है,

                            शिव का रहा है,शिवजी का ही राज रहेगा

छत्तीसगढ़ में फिर से रमन करेंगे रमन,

                            और मेघालय के सर पे सदा हाथ रहेगा

मुश्किल है फिर से लौटना ,गहलोत जी का है,

                             हालत ऐसे दिख रहे है,राजस्थान में ,

लगता है इस वसुंधरा में ,कमल खिलेंगे,

                             जादू नमो का ,लगता है,आबाद रहेगा

 

घोटू